हिसार | इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पार्टी का नया संगठन तैयार हो चुका है और नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी समझाने के लिए हिसार में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। संगठन को मज़बूत करने के लिए प्रदेश को तीन ज़ोन – गुरुग्राम, हिसार और अंबाला – में बांटा गया है। इनमें क्रमश: 8, 7 और 7 जिले शामिल हैं।
शिविर में इनेलो के 17 प्रकोष्ठों के संयोजक भी मौजूद रहे। कार्यकर्ता स्तर पर भी संगठन को मजबूत करने के लिए योजना तैयार की गई है, जिसके तहत तीन गांवों के दस बूथ मिलाकर एक ज़ोन बनाया जाएगा। अभय चौटाला ने ऐलान किया कि 25 सितंबर को चौधरी देवीलाल की जयंती पर एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी।
कांग्रेस पर तीखा हमला, भाजपा से मिलीभगत के लगाए आरोप
अभय चौटाला ने विपक्षी दल कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में विपक्ष सत्ता पक्ष के हाथों की कठपुतली बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं और विधानसभा चुनावों के बाद उन्होंने भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने में मदद की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन में इतनी कमजोरी है कि जिलाध्यक्ष नियुक्त करने के लिए भी शीर्ष नेताओं को हस्तक्षेप करना पड़ रहा है। “राहुल गांधी खुद कह चुके हैं कि कांग्रेस के कुछ नेता भाजपा से मिले हुए हैं। 30 जून तक जिलाध्यक्ष बनना था, लेकिन अब तक नहीं बन सके,” अभय ने कहा।
एचएयू आंदोलन और सड़क मुद्दे पर भी सरकार को घेरा
एचएयू विवाद को लेकर उन्होंने कहा कि कुलपति आरएसएस का आदमी है, और भाजपा का मुख्यमंत्री भले हट जाए, लेकिन वीसी नहीं हटाया जाएगा। वहीं, तलवंडी राणा गांव के सड़क विवाद का जिक्र करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि जब इनेलो ने इस मुद्दे पर आवाज उठाई, तभी सरकार हरकत में आई। लेकिन अब 2 किमी सड़क के निर्माण में भी लापरवाही हो रही है, जिस पर इनेलो के दोनों विधायक विधानसभा में आवाज उठाएंगे।