लखनऊ | उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र में एक महिला की चलती ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर मौत हो गई। मृतका की पहचान 35 वर्षीय रिंकी यादव के रूप में हुई है, जो बरगदीकलां गांव की निवासी थीं। वह अपने पति धर्मेंद्र यादव और बेटी के साथ दवा लेने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन रास्ते में पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया।
ट्रैक पर दौड़कर लगाई जान की बाज़ी
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कहासुनी के बाद रिंकी यादव अचानक रेलवे ट्रैक की ओर दौड़ीं और सामने से आ रही सीतापुर पैसेंजर ट्रेन के सामने कूद गईं। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर इटौंजा पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस को आत्महत्या की आशंका, कारण स्पष्ट नहीं
पुलिस फिलहाल इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जा सकेगी। अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं दी गई है।
परिवार में मातम, पति पर शराब पीने के आरोप
जानकारी के अनुसार रिंकी की शादी को करीब 15 से 17 साल हो चुके हैं। वह पति धर्मेंद्र यादव के साथ दो बेटों और एक बेटी के साथ रहती थीं। पति के शराब पीने की लत के कारण पहले भी घरेलू विवाद की बात सामने आ चुकी है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।