Summer express, पलवल | हरियाणा के पलवल जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र स्थित करीमपुर गांव से लापता हुए तीन वर्षीय मासूम का शव बुधवार सुबह गांव के जोहड़ से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, करीमपुर निवासी डिगपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि मंगलवार को पूरा परिवार गांव के राधा-रानी मंदिर में आयोजित भंडारे में शामिल होने गया था। इसी दौरान सुबह करीब साढ़े 11 बजे उनका तीन वर्षीय बेटा प्रिंस घर से पशुओं के बाड़े की ओर जाने के लिए निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
परिवार जब मंदिर से घर लौटा तो बच्चे का कहीं पता नहीं चला। परिजनों ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अनहोनी की आशंका के चलते उन्होंने तुरंत हसनपुर थाना पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी। बताया गया कि लापता होने के समय प्रिंस ने सफेद रंग की शर्ट और नीली जींस पहन रखी थी।
बुधवार सुबह गांव के जोहड़ में एक बच्चे का शव दिखाई देने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को बाहर निकालने पर उसकी पहचान लापता प्रिंस के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भेजा।
जिला पुलिस प्रवक्ता संजय कादयान ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चा खेलते समय दुर्घटनावश जोहड़ में गिरा या घटना के पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।