Summer express, लुधियाना | पंजाब के लुधियाना स्थित दुगरी क्षेत्र के राम लाल भसीन स्कूल में बुधवार सुबह जनरेटर रूम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना उस समय हुई जब स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं। हालांकि स्कूल प्रबंधन और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और सभी छात्रों व स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 से 9:30 बजे के बीच स्कूल के जनरेटर रूम से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया।
सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल परिसर को तुरंत खाली कराया गया। स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को संदेश भेजकर जानकारी दी कि बिजली संबंधी तकनीकी खराबी के कारण स्कूल के एक हिस्से में आग लगी है और वे जल्द से जल्द अपने बच्चों को लेने पहुंचें। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी छात्र, शिक्षक या कर्मचारी को कोई चोट नहीं आई। एहतियात के तौर पर स्कूल में छुट्टी घोषित कर दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि जनरेटर रूम स्कूल भवन से कुछ दूरी पर स्थित है, लेकिन वहीं से बिजली की लाइनें पूरे स्कूल परिसर तक जाती हैं। उन्होंने कहा कि यदि आग समय पर नियंत्रित नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
निरीक्षण के दौरान जनरेटर रूम के पास बड़ी मात्रा में डीजल और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी मिली। विधायक ने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ईंधन भंडारण को जनरेटर रूम से दूर रखा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।