मोहाली-सरहिंद ग्रीनफील्ड हाईवे अंतिम चरण में, सितंबर तक लोगों के लिए खुलने की उम्मीद
पटियाला\चंडीगढ़। पंजाब में सड़क संपर्क को नई गति देने वाला 27.37 किलोमीटर लंबा मोहाली-सरहिंद ग्रीनफील्ड हाईवे अब लगभग तैयार हो चुका है।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अनुसार अंतिम चरण के निर्माण कार्य, रोड मार्किंग और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद इसे सितंबर की शुरुआत तक यातायात के लिए खोलने का लक्ष्य है। हाईवे शुरू होने के बाद पटियाला से मोहाली और चंडीगढ़ की यात्रा का समय घटकर करीब एक घंटा रह जाएगा।
यह एक्सेस-कंट्रोल ग्रीनफील्ड हाईवे सरहिंद के पास एनएच-44 से जुड़ेगा। एक छोर लांडरां के निकट और दूसरा मोहाली के आईटी सिटी क्षेत्र से जुड़ेगा। इसके शुरू होने से मोहाली और सरहिंद के बीच यात्रा लगभग 30 मिनट में पूरी हो सकेगी। इससे वर्तमान में लांडरां चौक और राज्य राजमार्ग-12ए पर लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलेगी।
इस परियोजना के साथ ही 29 किलोमीटर लंबी सरहिंद-पटियाला सड़क के चौड़ीकरण का कार्य भी अंतिम चरण में है। पटियाला के उपायुक्त हिमांशु अग्रवाल के अनुसार सड़क के मध्य डिवाइडर का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और अब रोड मार्किंग का काम चल रहा है। पूरी परियोजना जुलाई के अंत तक पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद सरहिंद से पटियाला की यात्रा, जो पहले 40 से 60 मिनट लेती थी, घटकर 20 से 30 मिनट रह जाएगी।