चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ‘मांवां-धीयां सत्कार योजना’ की लाभार्थी महिलाओं से मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत निर्धारित फॉर्म अनिवार्य रूप से भरने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र महिला का नाम मतदाता सूची में नहीं रहेगा, तो भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी आ सकती है। इसलिए सभी लाभार्थी समय पर अपना एसआईआर फॉर्म भरकर मतदाता सूची में नाम सुनिश्चित करें।
सीएम ने कहा कि सरकार ने योजना के तहत पात्र महिलाओं के खातों में राशि भेजकर अपना वादा पूरा किया है। उन्होंने जरूरत पड़ने पर स्थानीय वालंटियर की मदद लेकर फॉर्म भरने की भी अपील की। सीएम मान ने कहा अपना वोट बचाने के लिए एसआईआर फॉर्म जरूर भरें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ निर्बाध मिलता रहे।
25 जून के बाद पंजीकरण कराने वाली पात्र महिलाओं को 1 अगस्त को तीन महीने (जुलाई, अगस्त व सितंबर) की राशि एक साथ जारी होगी। 25 जून तक पंजीकरण कराने वाली महिलाओं को पहले ही तीन महीने की अग्रिम राशि उनके खातों में भेजी जा चुकी है।