Summer express, पंचकूला। पंचकूला के पिंजौर थाना परिसर के बाहर रेहड़ी-फड़ी हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान स्थानीय पार्षद और थाना प्रभारी के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में इस कार्रवाई को लेकर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
जानकारी के अनुसार, थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आसपास के क्षेत्र में यातायात को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने थाना परिसर की चहारदीवारी से सटी रेहड़ी-फड़ियों को हटाने की कार्रवाई की। इसके साथ ही थाने के बाहर सड़क किनारे लंबे समय से खड़े इंपाउंड वाहनों को भी वहां से हटाया गया। पुलिस का कहना है कि इस कदम से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी सुविधा मिलेगी।
कार्रवाई के दौरान रेहड़ी-फड़ी संचालकों ने इसका विरोध किया। उनकी ओर से पक्ष रखने पहुंचे स्थानीय पार्षद सौरभ गुप्ता और पिंजौर थाना प्रभारी राजेश कुमार के बीच मौके पर तीखी बहस हो गई। दोनों के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों की राय बंटी हुई है। कुछ लोगों ने थाना परिसर के आसपास से अतिक्रमण और इंपाउंड वाहनों को हटाने के फैसले का समर्थन करते हुए इसे सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए जरूरी कदम बताया, जबकि रेहड़ी-फड़ी संचालकों ने अपनी आजीविका प्रभावित होने की बात कहते हुए कार्रवाई पर आपत्ति जताई।
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने यह कार्रवाई थाना परिसर और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की है। उनका कहना है कि सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करना और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसलिए थाना परिसर की दीवार से सटी रेहड़ी-फड़ियों को हटाया गया है।