सागर पाहवा | मोहाली
समर न्यूज
बलौंगी के साथ लगते टीडीआई इलाके में सोमवार सुबह पति के साथ सैर कर रही एक महिला से मोटरसाइकिल सवार युवक कान की बालियां झपटकर फरार हो गया। वारदात के दौरान महिला ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उसे लात मारकर गिरा दिया और मोटरसाइकिल पर फरार हो गया। महिला के अनुसार उसकी बालियों की कीमत करीब 70 से 80 हजार रुपये थी। पीड़िता ने मामले की शिकायत बलौंगी थाने में दी है।
पीड़िता ने बताया कि वह सोमवार सुबह अपने पति के साथ सैर कर रही थी। उसके पति उससे कुछ आगे चल रहे थे। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे मोटरसाइकिल सवार एक युवक उनके पास आया और अचानक उसके कानों से बालियां झपट लीं। वारदात के बाद महिला ने आरोपी का कॉलर पकड़ने का प्रयास किया। महिला ने खुद को लोगों से घिरता देख आरोपी ने उसे लात मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गई। इसके बाद आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गया। महिला ने बताया कि आरोपी वारदात से पहले इलाके में मोटरसाइकिल पर चक्कर लगा रहा था।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात कही है। हालांकि, अभी तक आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है।