चंडीगढ़ | पंजाब का मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है, लेकिन इस बार अंदाज़ा लगाना मुश्किल हो रहा है कि राहत मिलेगी या आफत लौटेगी। बीते कुछ दिनों से लगातार सक्रिय मानसून और पश्चिमी विक्षोभ की रफ्तार अब धीमी पड़ती नजर आ रही है। आज से बारिश में कमी आने के संकेत मिले हैं, लेकिन आसमान में छिपे बादल अभी भी सस्पेंस बनाए हुए हैं।
सुबह खिली धूप, पर गर्मी ने बढ़ाया तनाव
बीती रात राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश ज़रूर हुई, लेकिन आज सुबह से ही ज्यादातर इलाकों में तेज धूप देखने को मिली। तापमान ने एक बार फिर चढ़ना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 4.2 डिग्री सेल्सियस का उछाल दर्ज किया गया है।
बठिंडा सबसे गर्म, बारिश थमी तो बढ़ेगी बेचैनी
राज्य के कई जिलों में तापमान अब 35 डिग्री को पार कर गया है। बठिंडा 36.7 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग की मानें तो यदि बारिश नहीं हुई, तो तापमान और भी तेजी से ऊपर जा सकता है, जिससे उमस और गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।
बारिश का अलर्ट नहीं, लेकिन खतरा टला नहीं!
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब में आज से लेकर 17 जुलाई तक किसी भी बड़े तूफान या भारी बारिश का अलर्ट नहीं है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में हल्की फुहारें ज़रूर पड़ सकती हैं। मालवा बेल्ट के ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।