प्रदेश में अब तक 75 लाख से अधिक महिलाओं का पंजीकरण, प्रक्रिया जारी
समर न्यूज | चंडीगढ़
पंजाब सरकार ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को सम्मान राशि की किस्त समय से पहले देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को घोषणा की कि मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना के तहत तीसरी किस्त 28 अगस्त को पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सीधे भेजी जाएगी।
सामान्य तौर पर यह राशि हर महीने की पहली तारीख को जारी की जाती है, लेकिन रक्षाबंधन को देखते हुए इस बार भुगतान पहले किया जा रहा है। लाभार्थियों को राशि जमा होने की सूचना मोबाइल पर संदेश के माध्यम से मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन पर भाई अपनी बहनों और बेटियों को शगुन देते हैं। इसी भावना के तहत सरकार ने महिलाओं के खातों में सम्मान राशि त्योहार के दिन पहुंचाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहारा देने के साथ उनका सम्मान और आत्मनिर्भरता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
सरकार के अनुसार योजना के तहत अब तक 75 लाख से अधिक महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है और पात्र लाभार्थियों के खातों में 2,274.42 करोड़ रुपये सीधे भेजे जा चुके हैं। अगस्त में करीब सात लाख नई महिलाओं ने पंजीकरण कराया है। इन पात्र महिलाओं को भी 28 अगस्त को राशि मिलने की बात कही गई है।