एजेंसी | चंडीगढ़
कांग्रेस हाईकमान ने शनिवार को बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए सचिन पायलट को पंजाब कांग्रेस का नया प्रभारी नियुक्त किया। उन्होंने भूपेश बघेल की जगह ली है। बघेल को अब असम कांग्रेस का प्रभारी बनाया गया है। यह बदलाव राहुल गांधी के प्रस्तावित पंजाब दौरे से पहले हुआ है।
पंजाब में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और उनके समर्थक लंबे समय से प्रदेश प्रभारी बघेल की कार्यशैली पर सवाल उठाते रहे हैं। चन्नी गुट का आरोप था कि बघेल ने पंजाब की जमीनी स्थिति की सही जानकारी हाईकमान तक नहीं पहुंचाई। गुट की ओर से बघेल के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को भी हटाने की मांग की जाती रही है।
बघेल को हटाए जाने के बाद अब राजा वड़िंग के भविष्य को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं।
पायलट के सामने बड़ी चुनौती
राजस्थान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री रहे सचिन पायलट को पंजाब में पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी को खत्म करने और नेताओं को एकजुट करने की चुनौती होगी। उनके सामने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने की भी बड़ी जिम्मेदारी होगी।