15 July, 2025
साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कुली’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है। पहले ही फिल्म से रजनीकांत का दमदार लुक जारी किया जा चुका है, जिससे दर्शकों की उत्सुकता चरम पर पहुंच गई है। अब फिल्म को लेकर एक अहम अपडेट सामने आया है। निर्देशक लोकेश कनगराज ने आधिकारिक रूप से ऐलान किया है कि ‘कुली’ का ट्रेलर 2 अगस्त को रिलीज किया जाएगा। फिल्म 14 अगस्त को विश्वभर में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात यह है कि फिल्म में आमिर खान एक खास कैमियो रोल में नजर आएंगे।
लोकेश कनगराज का प्रमोशन प्लान
हाल ही में एक इंटरव्यू में लोकेश कनगराज ने ‘कुली’ की मार्केटिंग स्ट्रैटेजी पर बात करते हुए कहा,
“मैं सिर्फ एक ट्रेलर और फिर सीधे फिल्म देना चाहता हूं। इससे ज्यादा की जरूरत नहीं है।”
उन्होंने यह भी बताया कि ‘कुली’ एक कमर्शियल एंटरटेनर है, जिसमें भरपूर एक्शन, थ्रिल और मसाला मौजूद है। फिल्म को सन पिक्चर्स द्वारा प्रोड्यूस किया गया है।
फिल्म में रजनीकांत के साथ-साथ नागार्जुन, उपेंद्र, सौबिन शाहिर, सत्यराज, श्रुति हासन, रेबा मोनिका जॉन, जूनियर एमजीआर, मोनिशा ब्लेसी और काली वेंकट जैसे सितारे नजर आएंगे। वहीं, पूजा हेगड़े का एक खास आइटम डांस भी फिल्म का हिस्सा होगा।
कैथी 2 के बाद आमिर खान के साथ नई फिल्म
लोकेश कनगराज ने यह भी खुलासा किया कि वह ‘कैथी 2’ के बाद आमिर खान के साथ मिलकर एक बड़ी हिंदी एक्शन फिल्म पर काम शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि यह फिल्म ग्लोबल ऑडियंस को ध्यान में रखकर बनाई जाएगी और यह उनके करियर की सबसे बड़ी एक्शन फिल्म होगी।
“मैं ये नहीं कह सकता कि यह सुपरहीरो फिल्म होगी, लेकिन यह मेरे लाइनअप की सबसे बड़ी फिल्म है।”
इसके अलावा उन्होंने ‘विक्रम’ के सीक्वल और एलसीयू में सूर्या के रोल ‘रोलेक्स’ पर आधारित एक स्टैंडअलोन फिल्म की योजना पर भी बात की। वहीं, ‘लियो’ और ‘मास्टर’ के सीक्वल के बारे में उन्होंने कहा कि अगर विजय तैयार होंगे, तभी वे आगे बढ़ेंगे।