सड़कों पर लगेंगे 5470 कैमरे, खड़क मंगौली में बनेंगे 7500 फ्लैट, पेयजल आपूर्ति क्षमता का होगा विस्तार
समर न्यूज | चंडीगढ़
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को पंचकूला के सुनियोजित, व्यापक और आधुनिक विकास को गति देने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को चंडीगढ़ में पंचकूला के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर की वर्तमान आवश्यकताओं के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों को
ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक विकास योजनाओं को तेजी से लागू किया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने बेहतर नागरिक सुविधाओं, मजबूत बुनियादी ढांचे, सुगम यातायात प्रबंधन, स्वच्छ पेयजल, आधुनिक आवासीय सुविधाओं, विकसित बाजारों, हरित क्षेत्रों, खेल सुविधाओं और स्मार्ट सुरक्षा प्रणाली पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर और पंचकूला के महापौर श्याम लाल बंसल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
{मनसा देवी कॉरिडोर, खेल परिसर और स्मार्ट निगरानी तंत्र: शहर के सौंदर्यीकरण और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मनसा देवी मंदिर के चारों ओर एक कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। सकेतड़ी के पास 117 एकड़ भूमि पर गोल्फ क्लब, बॉटनिकल पार्क और ग्रीन बेल्ट विकसित करने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है। सुरक्षा की दृष्टि से मुख्य सड़कों पर 5,470 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी निगरानी डायल 112 पुलिस भवन में बनने वाले कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से होगी। कालका, पिंजौर और पंचकूला में छह-लाइन विशेष ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाई जाएगी, जिससे वाहनों के ऑनलाइन चालान भी संभव होंगे। वहीं, 9.5 एकड़ में बन रहे शूटिंग रेंज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 10, 20 और 50 मीटर की विश्वस्तरीय रेंज के साथ एक हॉस्टल का निर्माण भी किया जाएगा।
{जल निकासी सुधार और जन शिकायतों का त्वरित निवारण: शहर में टाउन पार्क से सिंह नाला चो को पक्का करने और सेक्टर 20/21 से बेल फैक्ट्री-परशुराम चौक तक स्टॉर्मवाटर ड्रेन को मजबूत करने का काम जारी है। पंचकूला में तीन एसटीपी (दो 6 एमएलडी और एक 10 एमएलडी क्षमता) बनाए जा रहे हैं। अटल पार्क का निर्माण नवंबर तक पूरा हो जाएगा और लेजर वैली पार्क का एस्टीमेट तैयार हो चुका है। बैठक में पीएमडीए के सीईओ के. मकरंद पांडुरंग ने बताया कि नागरिकों से प्राप्त 183 शिकायतों में से 162 का समाधान किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 और 2 में 16.80 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है।
बैठक में यूएलबी आयुक्त
अशोक मीणा, एचएसवीपी प्रशासक अजय कुमार, ओएसडी पंकज नैन और उपायुक्त सतपाल शर्मा भी मौजूद रहे।
विभाग अपनी जमीन चिन्हित कर अतिक्रमण से कराएं मुक्त
मुख्यमंत्री ने शहरी स्थानीय निकाय (यमएलबी), एचएसवीपी (एचएसवीपी), पीएमडीए (पीएमडीए) और एचएसआईआईडीसी (एचएसआईआईडीसी) सहित सभी विभागों को अपनी भूमि चिह्नित कर उसे अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि जमीन पर दोबारा अतिक्रमण न हो। उन्होंने चंडीगढ़ के पालिका बाजार की तर्ज पर सेक्टर 7, 11 और 17 की रेहड़ी मार्केट को विकसित करने तथा यातायात जाम से राहत दिलाने के लिए माजरी चौक को री-डिजाइन कर वहां अंडरपास बनाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
जल आपूर्ति क्षमता को 100 एमएलडी बढ़ाने
और आवासीय सुविधाओं पर काम
मुख्यमंत्री ने बताया कि खड़क मंगौली के लोगों के लिए 7,500 फ्लैट बनाकर देने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। शहर में पर्याप्त पेयजल आपूर्ति के लिए भाखड़ा से मिलने वाले पानी की क्षमता को 100 एमएलडी (एमएलडी) तक बढ़ाने पर काम किया जाएगा। इसके अलावा, कालका में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान, मोरनी क्षेत्र में वर्षा जल संचयन के लिए बांध बनाने और कौशल्या बांध की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। कालका में जल्द ही एक बहुमंजिला पुस्तकालय का निर्माण होगा और गौशाला के पास पांच ट्यूबवेल लगाए जा रहे हैं। शहरी क्षेत्रों से बेसहारा पशुओं को शिफ्ट करने के लिए दो गौशालाएं चिन्हित की गई हैं और पशुओं को खुला छोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।