summer express,सोनीपत। सोनीपत के गन्नौर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की भिवानी टीम ने सोमवार को एक पटवारी को 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान गन्नौर में तैनात पटवारी सचिन के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने एक कंपनी की संपत्ति से संबंधित बैंक लोन की एंट्री राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज करने के बदले रिश्वत की मांग की थी।
ACB इंस्पेक्टर जगजीत सिंह के अनुसार, आरोपी पटवारी सचिन गांव उमेदगढ़ का रहने वाला है। एक कंपनी के प्रतिनिधि ने बैंक से लिए गए लोन की एंट्री राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए पटवारी से संपर्क किया था। आरोप है कि पटवारी ने काम कराने के बदले पहले दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी। बातचीत के बाद मामला एक लाख रुपये में तय हुआ।
इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधि ने इसकी शिकायत भिवानी ACB को दी। शिकायत की पुष्टि के बाद टीम ने ट्रैप की योजना तैयार की। सोमवार को शिकायतकर्ता को तय रकम लेकर गन्नौर तहसील परिसर भेजा गया। योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने पटवारी को 90 हजार रुपये दिए।
जैसे ही पटवारी ने रिश्वत की रकम अपने कब्जे में ली, ACB की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। टीम ने उसके पास से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। कार्रवाई के बाद आरोपी को गन्नौर थाने ले जाया गया।
ACB के मुताबिक, बैंक से किसी कंपनी या व्यक्ति को लोन मिलने के बाद संबंधित संपत्ति के राजस्व रिकॉर्ड में बैंक के लोन की एंट्री दर्ज की जाती है। इसका उद्देश्य बैंक की जानकारी और अनुमति के बिना संपत्ति के हस्तांतरण या बिक्री को रोकना होता है। इसी प्रक्रिया को पूरा करने के एवज में पटवारी पर रिश्वत मांगने का आरोप है।
ACB ने आरोपी पटवारी के खिलाफ नियमानुसार मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को जल्द अदालत में पेश किया जाएगा।