Summer express, जालंधर। माई हीरां गेट मार्केट में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में चोरों ने किरण बुक शॉप को निशाना बनाते हुए दुकान की तिजोरी से पांच हजार रुपये की नकदी चुरा ली। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बताया जा रहा है कि मार्केट में चोरी की यह तीसरी वारदात है। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद पिछली वारदातों का खुलासा नहीं होने से दुकानदारों में चिंता बढ़ रही है।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि चोर दुकान के काउंटर से छलांग लगाकर अंदर दाखिल हुआ और सीधे तिजोरी के पास पहुंच गया। उसने पहले तिजोरी के सामने माथा टेका और फिर पेचकस की मदद से उसे खोलने लगा। तिजोरी खुलने के बाद चोर ने उसमें रखे पांच हजार रुपये निकाल लिए। हैरानी की बात यह है कि उसने तिजोरी में रखे सिक्कों को हाथ तक नहीं लगाया और नकदी लेकर फरार हो गया।
दुकान मालिक साहिल आनंद ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि दुकान का शटर खुला हुआ है। सूचना मिलते ही वह एक कर्मचारी के साथ दुकान पर पहुंचे। दुकान के अंदर जाकर तिजोरी की जांच की तो उसमें रखे पांच हजार रुपये गायब मिले। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज देखी गई, जिसमें चोरी की पूरी घटना सामने आई।
दुकानदारों के अनुसार, माई हीरां गेट मार्केट में इससे पहले भी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। आटे की चक्की समेत चार अन्य दुकानों को भी चोर निशाना बना चुके हैं। अब किरण बुक शॉप में हुई चोरी ने व्यापारियों की चिंता और बढ़ा दी है। उनका कहना है कि बाजार में लगातार हो रही वारदातों पर रोक लगाने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है।
दुकानदारों ने आशंका जताई कि यदि चोरी की घटनाएं इसी तरह जारी रहीं तो उन्हें अपनी दुकानों की सुरक्षा के लिए निजी स्तर पर इंतजाम करने पड़ सकते हैं। उन्होंने मार्केट एसोसिएशन से सामूहिक रूप से सुरक्षा गार्ड तैनात करने या दुकानों के बाहर सुरक्षा के अन्य उपाय अपनाने पर विचार करने की जरूरत बताई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने और उसे पकड़ने के प्रयास कर रही है।