धनबाद (झारखंड) | जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-2 (एनएच-2) पर उस वक्त हुई जब एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई और पलटकर सर्विस लेन में जा गिरी।
राजगंज थाना क्षेत्र के डोमनपुर के पास यह हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। थाना प्रभारी अलीशा अग्रवाल ने बताया कि कार धनबाद की ओर जा रही थी, तभी अचानक डिवाइडर से टकरा गई और कई बार पलटते हुए सर्विस लेन में जा गिरी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक द्वारा नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है।
मौके पर ही मौत, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 20 वर्षीय शाहिल कृष्णनी और 21 वर्षीय अनमोल रतन के रूप में हुई है। शाहिल हीरा शोरूम मालिक का बेटा था और दोनों युवक धनसार थाना क्षेत्र के जोड़ा फाटक रोड के निवासी थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच जारी है।