अमेरिका | रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय सियासत गरमा गई है। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेन्स्की के बीच हुई फोन बातचीत के बाद ट्रंप ने रूस को कड़ी चेतावनी दी है। ज़ेलेन्स्की ने इस कॉल की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करते हुए अमेरिका की नई सैन्य मदद के लिए ट्रंप का आभार जताया।
ज़ेलेन्स्की ने कहा कि अमेरिका की ओर से मिलने वाली नई मदद से यूक्रेन की सुरक्षा मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि ट्रंप ने युद्ध रोकने और हत्याएं बंद करवाने को लेकर समर्थन दिया है। दोनों नेताओं ने NATO महासचिव मार्क रूटे के साथ होने वाली बातचीत पर भी चर्चा की।
इस बीच ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को खुली चेतावनी दी है—अगर 50 दिन में युद्ध नहीं रूका तो अमेरिका रूस पर 100% टैरिफ लगा देगा। ट्रंप प्रशासन की तरफ से यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइल सिस्टम भेजने का ऐलान भी किया गया है।
इस कॉल के बाद भी रूस के हवाई हमले थमे नहीं हैं। कीव समेत कई शहरों पर मिसाइल और ड्रोन हमले हुए हैं, जिनमें कई लोगों की जान चली गई। ट्रंप और ज़ेलेन्स्की अब जल्द युद्ध समाप्त करने के लिए आगे की रणनीति पर काम कर रहे हैं।