यमुनानगर | यमुनानगर के तेजली खेल परिसर के पास देर रात एक शराब ठेके पर तीन हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। पिस्टल की नोक पर ठेके के कर्मचारी से लूटपाट कर फरार हुए आरोपियों का पीछा पुलिस ने तुरंत शुरू किया। लापरा के पास जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा फरार हो गया। पकड़े गए आरोपियों में एक जगाधरी और दूसरा उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला है। भागने के दौरान एक आरोपी गिर पड़ा और उसकी टांग में फ्रैक्चर हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब फरार बदमाश की तलाश में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज कर दी गई है।
इस पूरी वारदात की तस्वीरें सीसीटीवी में कैद हो चुकी हैं। पुलिस ने लूट, हमला और अवैध हथियारों की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।