यमुनानगर । हरियाणा के यमुनानगर में बूड़िया के पास पश्चिमी यमुना नहर में पूजा सामग्री विसर्जित करने गए दो सगे भाई डूब गए। चार दिन तक चले सर्च अभियान के बाद बड़े भाई उदय (24) का शव घटनास्थल से करीब 16 किलोमीटर दूर हमीदा हेड से आगे पुल के समीप नहर से बरामद किया गया है। छोटे भाई आर्यन (18) की तलाश अब भी जारी है।
जानकारी के अनुसार, भगवानगढ़ निवासी उदय और आर्यन अपने पिता की शराब की लत छुड़वाने के लिए कराए गए पूजन की सामग्री प्रवाहित करने नहर किनारे पहुंचे थे। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। बूड़िया के पास नहर किनारे उनकी मोटरसाइकिल और चप्पल मिली, जिससे दोनों के नहर में डूबने की आशंका जताई गई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में तलाशी अभियान शुरू किया। लगातार चार दिन तक खोजबीन के बाद उदय का शव हमीदा हेड से आगे पुल के पास दिखाई दिया। तेज बहाव के कारण शव घटनास्थल से काफी दूर बहकर पहुंच गया था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने गोताखोरों की सहायता से शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया।
उदय हेयर सैलून में काम कर परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था, जबकि आर्यन मजदूरी करता था। बड़े बेटे का शव मिलने और छोटे का अब तक सुराग न लगने से परिवार में मातम पसरा है। गांव भगवानगढ़ में भी शोक का माहौल है। प्रशासन द्वारा आर्यन की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।