गुरमीत सिंह | डेराबस्सी
समर न्यूज
डेराबस्सी-बरवाला रोड स्थित सोही गैस एजेंसी और रुपिंद्रा गैस एजेंसी की ओर से उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए 10 किलो का नया फाइबर गैस सिलेंडर लॉन्च किया गया है। एचपी गैस कंपनी द्वारा तैयार किया गया यह सिलेंडर पारंपरिक लोहे के सिलेंडर की तुलना में हल्का और सुविधाजनक बताया जा रहा है।
एजेंसी संचालकों के अनुसार, फाइबर सिलेंडर को उठाना और एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाना आसान है। इसका लाभ विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, छात्रों और छोटे परिवारों को मिल सकता है। सिलेंडर पारदर्शी होने के कारण इसमें बची गैस की मात्रा बाहर से दिखाई देती है, जिससे गैस अचानक खत्म होने की परेशानी से बचा जा सकता है। इसके अलावा इसमें जंग लगने की समस्या भी नहीं होती। दोनों एजेंसियों ने बुधवार से आम लोगों के लिए इस नए 10 किलो के सिलेंडर के कनेक्शन शुरू कर दिए हैं। एजेंसी संचालकों ने बताया कि छोटे परिवारों और बाहर रह रहे छात्रों के लिए यह एक सुविधाजनक विकल्प है। लॉन्च के अवसर पर कई लोगों ने सिलेंडर के लिए बुकिंग भी करवाई। इच्छुक उपभोक्ता आधार कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज लेकर संबंधित एजेंसी से नया कनेक्शन ले सकते हैं।