Summer express/हमीरपुर, अरविंद -:हमीरपुर जिले के हड़ेटा क्षेत्र में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा नवजीवन पार्क अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। वन विभाग द्वारा तैयार किए जा रहे इस पार्क का उद्घाटन आगामी अगस्त माह में किए जाने की तैयारी है, जिसके बाद इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
करीब 125 कनाल क्षेत्र में फैले इस नवजीवन पार्क को पर्यटन की दृष्टि से आकर्षक बनाने के लिए कई सुविधाएं विकसित की गई हैं। पार्क परिसर में कॉटेज का निर्माण किया गया है, ताकि पर्यटक यहां ठहरने का आनंद ले सकें। इसके अलावा बच्चों के लिए किड्स प्ले एरिया और आउटडोर जिम की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है, जिससे यह स्थान परिवारों के लिए एक आदर्श पर्यटन स्थल बन सके।पार्क में विशेष रूप से पौधरोपण किया गया है, जिसमें पाइन (चीड़) और पाम ट्री जैसे आकर्षक पौधों को शामिल किया गया है। पाइन ट्री जहां पर्वतीय क्षेत्रों की पहचान माने जाते हैं, वहीं पाम ट्री अपनी अनूठी संरचना के कारण पार्क की सुंदरता को बढ़ाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न फूलों की प्रजातियों के पौधे भी लगाए गए हैं, जो पर्यटकों को आकर्षित करेंगे।
परिसर में एनिमल स्ट्रक्चर भी तैयार किए जा रहे हैं, जिससे बच्चों और पर्यटकों को एक अलग अनुभव मिलेगा। इसके अलावा यहां सोविनियर शॉप और कैफेटेरिया की सुविधा भी विकसित की जा रही है। स्थानीय स्वयं सहायता समूहों को स्टॉल उपलब्ध कराने की योजना है, जिससे क्षेत्र के लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) हमीरपुर अंकित कुमार सिंह ने बताया कि इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार से करीब चार करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में दो करोड़ और दूसरे चरण में भी इतनी ही राशि जारी की गई थी।उन्होंने कहा कि नवजीवन पार्क को इको-टूरिज्म के मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे न केवल पर्यटकों को नया आकर्षण मिलेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। पार्क के शुरू होने के बाद यह क्षेत्र पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान बना सकता है।